एसबीयू में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती मनाई गई

WhatsApp Channel Join Now
एसबीयू में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती मनाई गई


रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) में शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एसबीयू के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों से सीख लेने का आह्वान किया।

प्रो. पाठक ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की ईमानदारी और सादगी प्रेरणादायक है। उनकी जीवनी स्वयं में एक दर्शन है। उन्होंने हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। अंत्योदय और एकात्म मानववाद का उनका सिद्धांत आज के संदर्भ में भी व्यावहारिक है।

कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के संघर्षशील व्यक्तित्व और समाज एवं देश के प्रति उनके समर्पण को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने अंत्योदय की अवधारणा पर विचार रखते हुए कहा कि इससे सेवा की भावना का विकास होता है।

कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. श्रीधर दंडीन, प्रो. वीके सिंह और अमित चरण ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक, योजना और विकास (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story