रामगढ़ में मारवाड़ी युवा मंच की चेतना शाखा ने मनाया सावन सिंधारा उत्सव

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में मारवाड़ी युवा मंच की चेतना शाखा ने मनाया सावन सिंधारा उत्सव


रामगढ़ में मारवाड़ी युवा मंच की चेतना शाखा ने मनाया सावन सिंधारा उत्सव


रामगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच रामगढ़ कैंट चेतना शाखा के तत्वावधान में सोमवार को रांची रोड स्थित एक होटल में सावन सिंधारा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाखा की सदस्यों ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सावन के उल्लास और आपसी सौहार्द को मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से साझा करना रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी प्रोजेक्ट संयोजक खुशबू मालिराम और शिल्पा अग्रवाल ने संभाली। उनके नेतृत्व में सदस्यों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में 30 सेकंड गेम के तहत चूड़ी की सहायता से कागज पर गोला बनाकर उसमें गोल्ड आइटम का नाम लिखने की प्रतियोगिता कराई गई। इसके अलावा हाऊजी का आयोजन हुआ, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों के लिए पासिंग द पिलो गेम आयोजित किया गया, जिसका उन्होंने जमकर आनंद लिया।

सावन के गीतों पर सदस्यों ने नृत्य किया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। सभी सदस्यों के लिए वेलकम गिफ्ट की व्यवस्था की गई। विभिन्न खेलों के विजेताओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं, समय की पाबंदी के लिए ‘पंक्चुअलिटी गिफ्ट’ श्वेता को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम सौहार्द, मनोरंजन और उत्साह से भरपूर रहा। सदस्यों की सक्रिय सहभागिता और सहयोग से सावन सिंधारा उत्सव यादगार बन गया। शाखा पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी तरह एकजुट होकर सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष मनीषा अग्रवाल, सचिव शिखा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सिद्धि जैन सहित शाखा के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story