पर्यावरण को बचाएं अन्यथा उसके प्रकोप का सामना करने को रहें तैयार : डॉ नितिश

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण को बचाएं अन्यथा उसके प्रकोप का सामना करने को रहें तैयार : डॉ नितिश


रांची, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रांची के सौदाग गांव में इंडियन वेटरिनरी एसोसिएशन, नई दिल्ली और काश्वी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम एवं पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं और गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ सैमसन टोप्पो, अध्यक्ष, झारखंड राज्य पशु चिकित्सा सेवा संघ ने वनीकरण और पौधारोपण को बढ़ावा देने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और गैर-नवीकरणीय संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और भूवैज्ञानिक डाॅ नितिश प्रियदर्शी ने उपस्थित लोगों से अपनी मिट्टी को नमन करने को कहा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाइए, अन्यथा उसके प्रकोप का सामना करने के लिए तैयार रहिए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

सौदाग ग्राम के मुखिया पतरस तिर्की ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराने की अपील की।

इस अवसर पर पौधारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें अतिथियों और गांव की महिलाओं ने पौधे लगाए। टीम ग्रीन संस्था की ओर से दिए गए कटहल, अमरूद, आम और शरीफा सहित विभिन्न फलदार पौधों का वितरण ग्रामीणों के बीच किया गया।

डॉ उमेश चंद्र शर्मा, अध्यक्ष, इंडियन वेटरिनरी एसोसिएशन, नई दिल्ली ने आयोजन टीम को बधाई देते हुए कहा कि आमजन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने समाजहित में सहयोग के लिए सपना मेनन, प्रमुख, काश्वी ट्रस्ट के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का समन्वयन डॉ नंदनी कुमारी, राष्ट्रीय प्रवक्ता, इंडियन वेटरिनरी एसोसिएशन, नई दिल्ली ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story