वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास : कमलेश

WhatsApp Channel Join Now
वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास : कमलेश


रांची, 02 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ शुक्रवार को लोकतंत्र बचाओ सप्ताह की शुरूआत किया गया।

इस अवसर पर मांडर विधानसभा क्षेत्र के बेड़ो प्रखंड अंतर्गत खक्शी टोली में ताम्रपात्र से विभूषित टाना भगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मौके पर स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं के अनावरण कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल हुए। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 के प्रावधानों को पढ़कर उपस्थित लोगों को सुनाया।

उन्होंने कहा कि वयस्क मताधिकार भारतीय लोकतंत्र की बुनियादी ताकत है। देश के प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का समान अवसर मिलना चाहिए। वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की आवाज, उसके अधिकार और लोकतंत्र में उसकी भागीदारी का प्रतीक है।

कमलेश ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस लोकतांत्रिक भारत की कल्पना की थी, उसकी आत्मा संविधान में बसती है।

लोकतंत्र की मजबूती तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब संवैधानिक संस्थाएं निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करें एवं प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार का सम्मान हो। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और संविधान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story