अतिक्रमण मुक्त होगा सतकौड़ी तालाब, 17 लोगों को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
अतिक्रमण मुक्त होगा सतकौड़ी तालाब, 17 लोगों को नोटिस


रामगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)।

रामगढ़ शहर के थाना चौक के समीप सतकौड़ी कॉम्प्लेक्स के सामने तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। रामगढ़ डीसी ऋतुराज इस तालाब को बचाने के लिए काफी गंभीर हैं। उन्होंने रामगढ़ अंचल अधिकारी को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। डीसी के निर्देश पर रामगढ़ अंचल अधिकारी ने 17 लोगों को नोटिस जारी किया है।

जानकारी के अनुसार छावनी परिषद के सीईओ ने थाना चौक स्थित सतकौड़ी कॉम्प्लेक्स के समीप तालाब की भूमि की जमीन का सर्वेक्षण एवं सीमांकन करने के लिए अनुरोध किया था। छावनी परिषद के सीईओ के इस पत्र पर राजस्व उप निरीक्षक, अंचल निरीक्षक और अंचल अमीन से स्थल जांच करते हुए जांच रिपोर्ट प्रस्तुत किया गया। जांच रिपोर्ट के अनुसार मौज रामगढ़ के खाता संख्या 292, प्लॉट संख्या 165, रकबा ०3 एकड़ 34 डिसमिल भूमि सर्वे खतियान में गैरमजरूर खास किस्म बांध दर्ज है। उक्त भूमि के संबंध में अंचल अमीन ने 27 जुलाई को मापी की। जिसमें पाया गया कि 1.50 एकड़ भूमि पर तालाब है और अन्य शेष भूमि पर 17 व्यक्तियों के द्वारा अतिक्रमण किया गया है।

अतिक्रमित भूमि पर शेख मोहम्मद इस्माइल, संजय कुमार अग्रवाल, देवराज सिंह, प्रभाकर अग्रवाल, भागीरथ मल अग्रवाल, अहिल्या देवी, अनुराग सिंघानिया, गोपी राम अग्रवाल, कमल सिंघानिया, जवाहर प्रसाद, एसपी चौधरी, बालाजी, सतीश कुमार, मनीष कुमार, अंबुज कुमार और सुरेश प्रसाद ने जमीन का अतिक्रमण किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story