रामगढ़ के किला मंदिर में 15 नवंबर से शुरू होगा 63वां सतचंडी एवं श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण महायज्ञ

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ के किला मंदिर में 15 नवंबर से शुरू होगा 63वां सतचंडी एवं श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण महायज्ञ


- दस दिनों तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान, 24 नवंबर को पूर्णाहुति और अटूट भंडारे के साथ होगा समापन

रामगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर के शिवाजी रोड स्थित बांके बिहारी राधा रानी किला मंदिर परिसर में 15 नवंबर से 63वें सतचंडी एवं श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण संयुक्त महायज्ञ का शुभारंभ होगा। कार्तिक मास के पावन अवसर पर आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 24 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और भक्ति के वातावरण से गुंजायमान रहेगा। महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और मंदिर प्रबंध समिति की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

किला मंदिर प्रबंध समिति की ओर से शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष अनुप कुमार उर्फ बाबू साहेब, महासचिव प्रो. संजय सिंह, कोषाध्यक्ष किशोर जाजू और प्रधान पुजारी सह ज्योतिषाचार्य पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा ने आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महायज्ञ की शुरुआत वर्ष 1963 में तत्कालीन मंदिर पुजारी सह व्यवस्थापक पंडित खेमानंद शर्मा ने की थी। तब से शहर के श्रद्धालुओं के सहयोग से यह धार्मिक परंपरा निरंतर जारी है। इस वर्ष भी उसी श्रद्धा और भव्यता के साथ संयुक्त महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।

इस वर्ष महायज्ञ में दीपक चौरसिया सपत्नीक यजमान के रूप में शामिल होंगे। मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा आचार्य की भूमिका में संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। वहीं, दस विद्वान ब्राह्मण पाठकर्ता के रूप में शामिल होकर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक पाठ करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 नवंबर को प्रातः श्रीगणेश पूजन, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, सर्वदेवी पूजन और सतचंडी पाठ के साथ महायज्ञ का शुभारंभ होगा। इसके बाद अपराह्न में श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण का पाठ किया जाएगा। प्रतिदिन संध्या बेला में हवन होगा। इसके अलावा श्रीगणेश सहित अन्य देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।

दस दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन 24 नवंबर को होगा। इस अवसर पर विशेष हवन, पूर्णाहुति और अटूट भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही 63वें सतचंडी एवं श्रीरामचरितमानस नवाह्नपरायण संयुक्त महायज्ञ का विधिवत समापन होगा। पूरे आयोजन की जिम्मेदारी किला मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने संभाल रखी है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story