जमशेदपुर को महानगरपालिका घोषित करे सरकार : सरयू

WhatsApp Channel Join Now
जमशेदपुर को महानगरपालिका घोषित करे सरकार : सरयू


पूर्वी सिंहभूम, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जमशेदपुर को महानगरपालिका घोषित करने की प्रक्रिया तेज करने और दिसंबर में विधानसभा के आगामी सत्र से पहले अधिसूचना जारी करने की मांग की है। सोमवार को विधायक सरयू राय ने बयान जारी कर कहा कि संविधान के अनुरूप जमशेदपुर और आसपास के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल कर महानगर योजना समिति का गठन किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र का समन्वित विकास सुनिश्चित हो सके।

सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, मानगो नगर निगम, आदित्यपुर नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और बागबेड़ा, सुंदरनगर और गोविंदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को एकीकृत विकास योजना के दायरे में लाना आवश्यक है। उन्हाेंने कहा कि इन क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति और नागरिक सुविधाओं की परस्पर निर्भरता को देखते हुए महानगरपालिका का गठन समय की मांग है। महानगर योजना समिति के माध्यम से पेयजल, बिजली, सफाई, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की जा सकेगी। साथ ही प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण सुधार और विकास योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी।

विधायक ने बताया कि उन्होंने पांच अगस्त 2022 को विधानसभा में इस संबंध में गैर-सरकारी संकल्प प्रस्तुत किया था। उस समय सरकार ने संवैधानिक प्रावधानों को स्वीकार करते हुए निर्वाचित नगर निकायों की अनुपलब्धता सहित कुछ प्रशासनिक बाधाओं का हवाला दिया था।

सरयू राय के अनुसार, अब मानगो, जुगसलाई, आदित्यपुर और कपाली में नगर निकाय चुनाव हो चुके हैं। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के स्थान पर औद्योगिक समिति गठित करने का आदेश भी जारी किया गया है। ऐसे में महानगर योजना समिति के गठन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास नगर विकास विभाग की जिम्मेदारी भी है। इसलिए सरकार को संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। यदि दिसंबर के विधानसभा सत्र से पहले अधिसूचना जारी नहीं हुई, तो वह इस मुद्दे को सदन में दोबारा उठाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767324 Articles

Share this story