कथारा वाशरी तटबंध टूटने पर सरयू राय ने की सीसीएल पर कार्रवाई की मांग
बोकारो, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सीसीएल की कथारा कोल वाशरी का तटबंध टूटने और दूषित बहिस्राव के दामोदर नदी में गिरने के मामले ने पर्यावरण प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इसे लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गुरूवार काे अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बोकारो जिला प्रशासन से सीसीएल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में मुकदमा दायर करने और बेरमो एसडीओ से आपराधिक मामला दर्ज कराने की भी मांग की है।
सरयू राय ने कहा है कि कथारा कोल वाशरी दामोदर नदी के किनारे स्थित है। तटबंध टूटने के बाद वाशरी से निकल रहा दूषित बहिस्राव तेज बहाव के साथ सीधे नदी में जा रहा है। इससे नदी का पानी काफी दूर तक प्रदूषित हुआ है और मछलियों सहित अन्य जलीय जीवों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
राय ने कहा कि खेतों समेत आसपास के कई गांवों के लोग दामोदर नदी पर निर्भर हैं। ऐसे में नदी के प्रदूषित होने से ग्रामीणों के सामने गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।
सरयू राय ने प्रशासन से तत्काल दूषित पानी का प्रवाह रोकने, प्रदूषण की जांच कराने और जिम्मेदारी तय कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि कथारा वाशरी से दामोदर नदी के प्रदूषण का मुद्दा पहले भी सामने आता रहा है। कैग की रिपोर्ट में भी वाशरी के रिजेक्ट से नदी के प्रदूषण का उल्लेख किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

