खरवा जोरिया पुल का विधायक ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
खरवा जोरिया पुल का विधायक ने किया निरीक्षण


देवघर, 22 जुलाई (हि.स.)। सारठ विधायक उदय शंकर सिंह ने एनएच विभाग के अधिकारियों के साथ देवघर-सारठ मुख्य मार्ग (एनएच-114ए) पर स्थित खरवा जोरिया पुल का निरीक्षण किया। हाल की भारी बारिश के कारण पुल पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न होने से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर घंटों तक आवागमन बाधित हो जाता है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से जलजमाव के कारणों और समाधान पर चर्चा की। बताया गया कि वर्तमान पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया लगभग 17 वर्ष पहले शुरू हुई थी, लेकिन मुख्य सड़क को नए पुल से जोड़ने वाले एप्रोच रोड का निर्माण पूरा नहीं होने और पुल का कार्य अधूरा रहने के कारण इसे अब तक चालू नहीं किया जा सका।

विधायक उदय शंकर सिंह ने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद पुल और सड़क की आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी, ताकि इस मार्ग पर आवागमन सुचारु हो सके और लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story