आयुक्त ने किया पालोजोरी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
आयुक्त ने किया पालोजोरी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण


देवघर, 03 सितंबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी, त्रुटिहीन और सटीक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने पालोजोरी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।

प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचने पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल और जिला परिवहन पदाधिकारी ने आयुक्त का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद आयुक्त ने मतदाता सूची के सुधार एवं अपडेशन से संबंधित कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विशेष रूप से अनमैप्ड मतदाताओं, त्रुटिपूर्ण विवरण वाली प्रविष्टियों और पूर्व में नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दावों एवं आपत्तियों की ऑन-स्पॉट सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित और नियमानुसार निष्पादन के निर्देश दिया।

आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल ने अधिकारियों एवं निर्वाचन कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसआईआर-2026 का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में शामिल हो तथा फर्जी या दोहरी प्रविष्टियों को हटाया जा सके।

उन्होंने पूर्व में नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दस्तावेजों की मौके पर जांच की और उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही नाम, उम्र और पता में दर्ज त्रुटियों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।

आयुक्त ने बीएलओ एवं संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने तथा पूरी प्रक्रिया में विशेष सतर्कता और पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी, निर्वाचन शाखा के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story