संताल चेंबर ने उद्योग सचिव के समक्ष रखी औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
संताल चेंबर ने उद्योग सचिव के समक्ष रखी औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं


देवघर, 21 मई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंंड चेंबर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सह सचिव रोहित पोद्दार के नेतृत्व में उद्योग सचिव अरवा राजकमल और जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन के साथ रांची स्थित होटल रेडिसन ब्लू में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में संताल परगना चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, देवघर के प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाया।

बैठक में जसीडीह, देवीपुर, डाबरग्राम, हरियाडीह और बंधा औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं, भूमि पजेशन, सड़क, ड्रेनेज, सुरक्षा व्यवस्था एवं जलापूर्ति जैसी समस्याओं पर चर्चा हुई। उद्यमियों ने देवीपुर में वर्षों बाद भी भूमि पजेशन नहीं मिलने और जसीडीह औद्योगिक क्षेत्र में अधूरे विकास कार्यों का मुद्दा उठाया।

वहीं उद्योग सचिव ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के विकास और निवेश प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है और नई औद्योगिक एवं निवेशक प्रोत्साहन नीति जल्द लागू की जाएगी। उन्होंने लंबित मामलों के जल्द समाधान का भरोसा दिया। वहीं जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने बताया कि उद्यमियों की सुविधा के लिए जल्द ही यूनिफाइड आईपी सिस्टम लॉन्च किया जाएगा। इसमें सभी अलॉटी का अलग अकाउंट होगा, जहां भूमि आवंटन, एनओसी, शिकायत सहित अन्य सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी।

साथ ही भूमि पजेशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नया रेगुलेशन भी लाया जाएगा। बैठक में देवीपुर प्लास्टिक पार्क को जल्द शुरू करने, प्लॉट आवंटन प्रक्रिया तेज करने और देवघर में निवेशक सम्मेलन आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया।

बैठक में झारखंड चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, संताल परगना चैंबर अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, पूर्व अध्यक्ष आलोक मल्लिक, महासचिव निरंजन कुमार सिंह सहित कई उद्यमी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story