झारखंड अंडर-23 कुश्ती टीम के कोच बने देवघर के संजीव कुमार झा

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड अंडर-23 कुश्ती टीम के कोच बने देवघर के संजीव कुमार झा


देवघर, 08 जुलाई (हि.स.)। बाबा नगरी के वरिष्ठ कुश्ती प्रशिक्षक और जिला कुश्ती संघ से जुड़े संजीव कुमार झा को अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड कुश्ती टीम का कोच नियुक्त किया गया है।

यह प्रतियोगिता 10 से 12 जुलाई तक हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित होगी, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष निलेश सिंह ने इसे देवघर और पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि संजीव कुमार झा ने वर्षों से कुश्ती के क्षेत्र में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार किया है। उनके अनुभव, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का लाभ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की टीम को अवश्य मिलेगा।

संघ की सचिव पायल कुमारी ने बताया कि संजीव कुमार झा इससे पहले भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड टीम के कोच की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

संजीव कुमार झा की नियुक्ति पर खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। जिला कुश्ती संघ ने विश्वास जताया कि उनके कुशल मार्गदर्शन में झारखंड के पहलवान राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतेंगे और राज्य का नाम गौरवान्वित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story