संजय सेठ के प्रयास से फुटबॉल खिलाड़ी के भाई का हुआ इलाज

WhatsApp Channel Join Now
संजय सेठ के प्रयास से फुटबॉल खिलाड़ी के भाई का हुआ इलाज


संजय सेठ के प्रयास से फुटबॉल खिलाड़ी के भाई का हुआ इलाज


रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल जगत में रांची और झारखंड का नाम रोशन करने वाली ओरमांझी (रांची) की खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा के भाई शिवा का एम्स, नई दिल्ली के जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में सफल इलाज हुआ।

लगभग एक महीने तक चले विशेषज्ञ उपचार के बाद शिवा की स्वास्थ्य स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

मंगलवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ स्वयं एम्स पहुंचे और शिवा को अपने नई दिल्ली स्थित आवास लेकर आए।

कुछ वर्ष पूर्व एक गंभीर दुर्घटना में शिवा बुरी तरह घायल हो गया था। दुर्घटना के बाद उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और वह लंबे समय से बिस्तर पर रहने को विवश था। आर्थिक अभाव के कारण उसका समुचित उपचार भी संभव नहीं हो पा रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर संजय सेठ ने उसके बेहतर इलाज की व्यवस्था की और उसे एम्स, नई दिल्ली में भर्ती कराया।

शिवा के शरीर में लगे थे कई नट-बोल्ट

पूर्व में रांची में हुए उपचार के दौरान शिवा के शरीर में कई नट-बोल्ट लगाए गए थे, जिनसे गंभीर संक्रमण का खतरा उत्पन्न हो गया था। एम्स के जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में डॉ कमरान फारूक के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक सभी नट-बोल्ट निकालकर उसे अत्याधुनिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। चिकित्सकों के अनुसार, एक समय शिवा का जीवन गंभीर खतरे में था, लेकिन अब वह पूरी तरह खतरे से बाहर है और तेजी से स्वस्थ हो रहा है।

इस अवसर पर शिवा की माता, उसकी बहन और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने चिकित्सकों तथा चिकित्सा दल के प्रति आभार प्रकट किया।

संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा है कि देश के खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके परिवारों की भी चिंता की जाए, ताकि खिलाड़ी पारिवारिक कठिनाइयों से मुक्त होकर पूरी एकाग्रता के साथ अपने खेल और देश के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। इसी भावना के अनुरूप दिव्यानी लिंडा के परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले दो दिनों में शिवा अपने गांव लौटेगा और शीघ्र ही पूर्णतः स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौटेगा। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए संतोष का विषय है कि अब शिवा फिर से अपने दोस्तों के साथ खेलेगा, पढ़ाई करेगा और नए उत्साह के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story