खूंटी हिंसा पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जताई नाराजगी, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
खूंटी हिंसा पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जताई नाराजगी, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल


खूंटी हिंसा पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जताई नाराजगी, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठाए सवाल


रांची, 31 मार्च (हि.स.)। झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू में रामनवमी के अवसर पर हुई पत्थरबाजी और हिंसा की घटना को लेकर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रशासन की कार्यशैली पर आपत्ति जताई है। उन्होंने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि घटना के तीन दिन बाद भी आरोपितों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

संजय सेठ ने कहा कि घटना को जिस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है, वास्तविक परिस्थितियां उससे बिल्कुल भिन्न हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन के सामने ही पत्थरबाजी हुई, जिसमें हिंदू समुदाय के लोगों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी घायल हुए। उन्होंने यह भी कहा कि घटना से जुड़े साक्ष्यों को हटाए जाने की जानकारी उन्हें मिली है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों पर पुलिस दबाव बना रही है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि पत्थरबाजी के बाद प्रशासन की मौजूदगी में चेंबर ऑफ कॉमर्स और भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के साथ मॉब लिंचिंग का प्रयास भी किया गया तथा हिंदू कार्यकर्ताओं को धमकियां दी गईं।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और सैकड़ों हिंदू परिवार भयभीत हैं। उन्होंने इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन का रवैया “बैलेंस बनाने” का प्रतीत हो रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिस समूह ने पत्थरबाजी की और शांतिपूर्ण जुलूस को बाधित किया, उसे चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही, उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यह पता लगाने की मांग की कि आखिर किसके दबाव में पुलिस निर्दोष लोगों पर कार्रवाई कर रही है।

संजय सेठ ने बताया कि उन्होंने इस मामले में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की है और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story