मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर संजय सेठ ने महिलाओं को दी सिलाई मशीन

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर संजय सेठ ने महिलाओं को दी सिलाई मशीन


रांची, 05 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरा होने पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल पर शुक्रवार को रांची में सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया।

रक्षा मंत्रालय के उपक्रम मिधानी के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत क्षेत्र की 235 महिलाओं को सिलाई मशीनें दी गईं।

इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि संजय सेठ ने साधारण परिवेश से निकलकर समाज सेवा और जनप्रतिनिधित्व का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि रांची के विकास और जनकल्याण के लिए सेठ के किए जा रहे कार्य प्रेरणादायी हैं। महिलाओं के लिए सिलाई मशीन वितरण की यह पहल उनके स्वरोजगार और स्वावलंबन को नई दिशा देगी।

महिलाओं को सशक्त बनाए बिना आत्मनिर्भर भारत का सपना पूर्ण नहीं हो सकता : सेठ

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाए बिना आत्मनिर्भर भारत का सपना पूर्ण नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वितरित की गई सिलाई मशीनें केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और नए अवसरों का माध्यम हैं। यह पहल महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने, परिवार की आय बढ़ाने और समाज में सशक्त भूमिका निभाने का अवसर देगी।

सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण के संकल्प से प्रेरित होकर यह प्रयास किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे लाभान्वित महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगी और अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और इसी सोच के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संजय सेठ का यह प्रयास सराहनीय है। विधायक सीपी सिंह ने कहा कि सिलाई मशीन महिलाओं के भविष्य में उजाला लेकर आएगी और अवसर के नए द्वार खोलेगी।

रांची की मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि इस सिलाई मशीन के माध्यम से महिलाएं अपने सपनों को बुनने का काम करेंगी और अपने घर परिवार को समृद्ध बनाएंगी। डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने रक्षा राज्य मंत्री के इस पहल की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story