नगर आयुक्त से वार्ता के बाद सफाईकर्मियों ने समाप्त की हड़ताल

WhatsApp Channel Join Now
नगर आयुक्त से वार्ता के बाद सफाईकर्मियों ने समाप्त की हड़ताल


देवघर, 15 जून (हि.स.)। नगर निगम के सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को नगर प्रशासन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद समाप्त हो गई।

नगर आयुक्त रोहित सिन्हा ने झारखंड लोकल बॉडी एंप्लॉय फेडरेशन के अध्यक्ष संजय मंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया था। बैठक में फेडरेशन के संरक्षक नागेंद्र नाथ बलियासे भी मौजूद थे। बैठक के बाद फेडरेशन अध्यक्ष संजय मंडल ने बताया कि नगर आयुक्त के साथ हुई बातचीत सकारात्मक रही। सफाईकर्मियों की प्रमुख मांगों—समय पर वेतन भुगतान, बकाया ईपीएफ और पीएफ राशि के भुगतान एवं केंद्र सरकार

की ओर से निर्धारित बढ़े हुए मानकों के अनुसार वेतन भुगतान—पर सहमति बनी है। इसके बाद फेडरेशन ने तत्काल प्रभाव से हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी। इस बीच, निशिकांत दुबे ने सफाईकर्मियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सफाई कर्मचारी कल्याण कोष के लिए प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये देने की घोषणा की है। सांसद ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उन्होंने अपने व्यक्तिगत संसाधनों से यह राशि देने का निर्णय लिया है, ताकि कर्मचारियों के कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान में मदद मिल सके।

संजय मंडल ने बताया कि सांसद निशिकांत दुबे ने उनसे फोन पर बातचीत कर कर्मचारियों के लिए कल्याण कोष बनाने का सुझाव दिया और हर वर्ष 25 लाख रुपये सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने हड़ताल समाप्त करने की अपील भी की थी। सांसद की इस घोषणा और नगर प्रशासन की पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों और नगर निगम व्यवस्था के हित में सकारात्मक कदम बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story