पोल से टकराया बालू लदा ट्रैक्टर, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पोल से टकराया बालू लदा ट्रैक्टर, चालक की मौत


दुमका, 30 जून (हि.स.)। एनजीटी की रोक के बाद भी शहर में बालू का अवैध खनन बंद नहीं हुआ है। मंगलवार की सुबह इसी अवैध खनन के कारण ट्रैक्टर चालक की जान चली गई। बालू के कई फेरा लगाने के चक्कर में चालक ने केंद्रीय जेल के सामने बिजली के पोल में टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के नीचे दब जाने से गिधनीपहाड़ी निवासी 30 साल के चालक आर्नोल्ड हेंब्रम की माैके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद नगर थाना की पुलिस ने वाहन जब्त कर मृतक के पिता नुनु हेंब्रम के बयान पर मामला दर्ज किया है। जब्त वाहन हिजला रोड निवासी उपेंद्र मंडल उर्फ लालू का बताया जा रहा है। बताया जाता है कि उपेंद्र धड़ल्ले से बालू का अवैध धंधा करता है। उसके कहने पर धतिकबोना ससुराल में रहने वाला आर्नोल्ड सुबह पांच बजे बालू लेकर ट्रैक्टर से जा रहा था। वाहन की गति तेज होने की वजह से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर सीधे बिजली पोल से टकराकर पलट गया। वाहन के नीचे दब जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को लेकर मेडिकल काॅलेज अस्पताल भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतक के स्वजन अस्पताल पहुंचे और शव देखकर दहाड मारकर रोने लगे। मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story