श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के 75 फीट के पंडाल में दिखेगा समुद्र मंथन

WhatsApp Channel Join Now
श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के 75 फीट के पंडाल में दिखेगा समुद्र मंथन


श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के 75 फीट के पंडाल में दिखेगा समुद्र मंथन


रामगढ़, 16 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर के रांची रोड में 67 वर्षों की धार्मिक परंपरा का निर्वाह कमेटी कर रही है। विशाल पूजा पंडाल और पौराणिक प्रसंगों की अनूठी प्रस्तुति के साथ रांची रोड बाजार, मरार की श्री श्री दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष भी खास आयोजन कर रही है। यहां 75 फीट ऊंचा आकर्षक पंडाल बनाया गया है। जिसमें समुद्र मंथन की पौराणिक गाथा को स्वचालित प्रतिमाओं के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। करीब 10 मिनट की यह झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगी। समिति के अध्यक्ष रविंद्र साहू पिछले 15 वर्षों से लगातार आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

समिति के अध्यक्ष रविंद्र साहू ने बताया कि पूजा को हर वर्ष श्रद्धा, भव्यता और बेहतर व्यवस्था के साथ आयोजित करने का प्रयास किया जाता है। वर्ष 1959 से चली आ रही इस परंपरा से क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। इस बार समुद्र मंथन की स्वचालित झांकी के माध्यम से श्रद्धालुओं को पौराणिक कथा का आकर्षक दृश्य दिखाने की तैयारी की गई है।

रविंद्र साहू लगातार 15 वर्षों से समिति के अध्यक्ष के रूप में आयोजन की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके साथ समिति के पदाधिकारी और सदस्य पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। समिति का उद्देश्य वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

पंडाल में भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान परेशानी न हो और आवागमन सुचारु बना रहे।

अष्टमी, नवमी और दशमी को लगातार तीन दिनों तक अटूट भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाएगा। भव्य पंडाल, स्वचालित झांकी और भंडारे को लेकर समिति के सदस्यों में खासा उत्साह है।

आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष रविंद्र साहू, उपाध्यक्ष संजय साह, सचिव अजय यादव, कोषाध्यक्ष संदीप साहू, बिक्की बाबा, प्रकाश गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story