गुरुनानक होम के बच्चों संग समर्पण शाखा ने मनाई दीपावली
रांची, 12 नवंबर (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच रांची समर्पण शाखा की ओर से दीपावली के अवसर पर बारियातू स्थित गुरुनानक होम में गुरुवार को जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाखा अध्यक्ष शुभा अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं। इस दौरान बच्चों के बीच मिठाइयां, दीये, पटाखे सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
यह जानकारी शाखा की मीडिया प्रभारी वेदिका ने दी। उन्होंने बताया कि उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने दीये जलाए और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर दीपावली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव और उल्लास का माहौल रहा।
शाखा की अध्यक्ष शुभा अग्रवाल ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियां और उम्मीद का प्रकाश फैलाने का भी अवसर है। संस्था का प्रयास है कि समाज का कोई भी जरूरतमंद बच्चा त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे।
इस अवसर पर शुभा अग्रवाल, शायरी अग्रवाल, कोमल पोद्दार, निशि सराफ, हेमलता पोद्दार और वीणा शर्मा मौजूद थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

