बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आमों की बिक्री, किसानों को मिला सीधा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आमों की बिक्री, किसानों को मिला सीधा लाभ


बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आमों की बिक्री, किसानों को मिला सीधा लाभ


रामगढ़, 03 जून (हि.स.)। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), रामगढ़ के तत्वावधान में जिले के किसानों और सखी मंडल की दीदियों की मेहनत अब रंग ला रही है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगाए गए आम के बागानों से इस वर्ष बेहतरीन उत्पादन प्राप्त हुआ है।

बिचौलियों से मुक्त बाजार उपलब्ध कराने और किसानों को उनकी उपज का सही दाम दिलाने के उद्देश्य से, जेएसएलपीएस की ओर से जिले के सभी छह प्रखंडों चितरपुर, दुलमी, गोला, मांडू, पतरातू, और रामगढ़ सदर में विशेष कैनोपी लगाकर इन ताज़े और रसायन-मुक्त आमों की सीधी बिक्री शुरू की गई है। जिसे आम जनता का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।

जिले के विभिन्न प्रखंडों में बनाए गए बिक्री केंद्रों पर लोगों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बिक्री के ताजा आंकड़ों के अनुसार, गोला प्रखंड परिसर में सबसे अधिक 01 क्विंटल आम की बिक्री हुई। इसके साथ ही, रामगढ़ सदर में डीसी ऑफिस कैंपस के पास 50 किलो, चितरपुर के बाजारटांड़ में 50 किलो और पतरातू के भुरकुंडा चौक पर भी 50 किलो आम हाथों-हाथ बिक गए।

वहीं, माण्डू ब्लॉक परिसर में 28 किलो और दुलमी के जमीरा चौक में 20 किलो ताज़े आमों की बिक्री दर्ज की गई है। ताज़े और रसायन-मुक्त आमों की मांग का आलम यह रहा कि सभी जगहों पर दोपहर तक ही पूरा आम बिक गया। ग्राहकों की ओर से अभी भी इन आमों की भारी डिमांड बनी हुई है।

ग्राहकों को ताज़े और स्वादिष्ट आम, जिनमें मुख्य रूप से आम्रपाली, मल्लिका और दशहरी शामिल हैं, सीधे बागानों से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कच्चे और सामान्य आमों की बिक्री 25 से 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की जा रही है, जबकि पके हुए स्वादिष्ट आम 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचे जा रहे हैं। जेएसएलपीएस की इस पहल से आम लोगों को शुद्ध और ताज़े आम मिल रहे हैं और इस योजना से जुड़े ग्रामीण परिवारों की आमदनी में भी सीधा इजाफा हो रहा है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story