एचईसी में लंबित वेतन काे लेकर कर्मियों में बढ रहा असंतोष : लीलाधर

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी में लंबित वेतन काे लेकर कर्मियों में बढ रहा असंतोष : लीलाधर


रांची, 31 जुलाई (हि.स.)। इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव और हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने शुक्रवार को एचईसी सह भेल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक केएस मूर्ति से मुलाकात की।

उन्होंने एचईसी कर्मियों की पिछले आठ वर्षों से लंबित प्रोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की। इस अवसर पर लीलाधर सिंह ने कहा कि एचईसी के सप्लाई कामगार अपने-अपने ग्रेड की अधिकतम सीमा तक पहुंचकर स्टैगनेशन की स्थिति में हैं। एचईसी में पहले से ही वेतन भुगतान लंबित है, ऐसे में समय पर प्रोन्नति कर्मचारियों को बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रोन्नति में लगातार देरी से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है और इससे कार्य संस्कृति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि समय पर प्रोन्नति मिलने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और बेहतर कार्य के प्रति सम्मान का भाव विकसित होता है। इसपर प्रबंधन को ध्यान देना चाहिए। मौके पर उन्होंने अति कुशल तकनीकी कामगारों को 25 वर्ष की सेवा पूरी होने पर एचईसी के नियमित संवर्ग में समाहित करने की भी मांग उठाई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक केएस मूर्ति ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की सभी मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कंपनी की आर्थिक स्थिति उत्पादन पर निर्भर है, इसलिए किसी भी परिस्थिति में उत्पादन बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी से संभावित वित्तीय सहयोग झारखंड सरकार से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं मिलने के कारण नहीं मिल सका, इसलिए अब कंपनी को अपने संसाधनों के बल पर आगे बढ़ना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story