रांची में 08 अगस्त को मनाया जाएगा 'सखुआ महोत्सव', लगाए जाएंगे 10 हजार पौधे

WhatsApp Channel Join Now
रांची में 08 अगस्त को मनाया जाएगा 'सखुआ महोत्सव', लगाए जाएंगे 10 हजार पौधे


रांची, 01 अगस्त (हि.स.)। रांची नगर निगम की ओर से आगामी 08 अगस्त को 'सखुआ महोत्सव' का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत राजधानी के निगम क्षेत्र में 10 हजार सखुआ सहित महुआ, पलाश, कुसुम और डाहू समेत विभिन्न देशज प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही शहर के सभी वार्डों में एक माह तक चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर शनिवार को नगर निगम सभागार में महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में उपमहापौर नीरज कुमार, सभी वार्ड पार्षद तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, पौधारोपण अभियान और अन्य तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के बाद महापौर रोशनी खलखो ने बताया कि इस वर्ष सखुआ महोत्सव को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों, वार्ड पार्षदों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि सामूहिक प्रयास से अधिकाधिक स्थानों पर पौधारोपण किया जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य झारखंड की जैव विविधता का संरक्षण, हरित आवरण का विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।

महापौर ने बताया कि सखुआ महोत्सव का आयोजन पहले 01 अगस्त को प्रस्तावित था, लेकिन तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण इसकी तिथि बढ़ाकर 08 अगस्त कर दी गई। महोत्सव का शुभारंभ चुटिया स्थित ऐतिहासिक इक्कीसी महादेव स्थल से होगा। वहां साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्य युद्धस्तर पर कराए जा रहे हैं। नगर निगम इस स्थल को प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इक्कीसी महादेव स्थल लंबे समय तक उपेक्षित रहा, लेकिन अब इसके संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए विशेष पहल की जा रही है। इससे इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

महापौर ने बताया कि महोत्सव के शुभारंभ के बाद एक माह तक शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण के उपयुक्त स्थलों की पहचान कर शीघ्र जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story