दुर्गा पूजा से पहले सहियाओं को मिलेंगे एकमुश्त छह महीने की प्रोत्साहन राशि

WhatsApp Channel Join Now

रांची, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गापूजा से पहले झारखंड की सभी सहियाओं को स्वास्थ्य प्रहरी योजना के तहत छह महीने की प्रोत्साहन राशि एकमुश्त देने की पहल की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के निर्देश पर अप्रैल से सितंबर 2026 तक की राशि के भुगतान के लिए राज्य के सभी जिलों को 51 करोड़ 91 लाख 35 हजार 888 रुपये आवंटित किए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह राशि राज्यांश से विशेष प्रावधान के तहत जारी की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिया कि सहियाओं को उनके कार्य की प्रोत्साहन राशि हर महीने समय पर मिले।

उन्होंने कहा कि सहिया स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि पूजा अवकाश से पहले भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए। प्रत्येक सहिया के बैंक खाते में छह महीने की राशि 2,000 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 12,000 रुपये हस्तांतरित करने और शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है।

यह राशि अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा के माध्यम से जिलों को हस्तांतरित की गई है। विभाग की इस पहल का उद्देश्य सहियाओं को समय पर प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराना है, ताकि वे आर्थिक राहत के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760405 Articles

Share this story