सहज मंदिर में महागौरी पूजा और सामूहिक हवन का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
सहज मंदिर में महागौरी पूजा और सामूहिक हवन का आयोजन


-नागपुरी भजन, लोकनृत्य और धुनुची आरती रहे आकर्षण का केंद्र

रांची, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर रविवार को रांची के सहजयोग परिवार की ओर से सहज मंदिर, निर्मल धाम में मां महागौरी की पूजा और सामूहिक हवन का आयोजन किया गया। मनातू स्थित रिंग रोड पर अपना ढाबा के निकट आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में साधकों ने मां आदिशक्ति के महागौरी स्वरूप की आराधना कर सुख, शांति, प्रेम और विश्व कल्याण की कामना की। कार्यक्रम में नागपुरी भजन, लोकनृत्य, धुनुची आरती और बाल शक्ति नृत्य आकर्षण के प्रमुख केंद्र रहे।

सहजयोग परिवार के राजेश सोमानी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक प्रणाम, कुंडलिनी जागरण, बंधन, महामंत्रों और श्री गणेश मंत्र के साथ हुई। इसके बाद श्री गणेश भजन, श्री माताजी की अमृतवाणी, नारायणी स्तुति और मां महागौरी का आवाहन किया गया। पंचामृत अर्पण के माध्यम से पवित्रता, निर्मलता, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया गया।

इस दौरान ‘जागो तुमि जागो’ और ‘आई गिरि नंदिनी’ जैसे भक्ति गीतों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद सुबह 8:11 बजे से 8:51 बजे तक सामूहिक हवन किया गया। हवन में श्री गणेश, अग्नि देवता और नवग्रह सहित विभिन्न देवताओं को मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित की गईं। श्रद्धालुओं ने आत्मिक शुद्धता और नकारात्मक प्रवृत्तियों के नाश की प्रार्थना की।

अनुष्ठान में गोकुल मोहता, जगदीश महतो, पूनम सेठ, अंजू माहेश्वरी, बीबी लाल, सुमित अग्रवाल और हरि प्रसाद बियानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।-------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763214 Articles

Share this story