पारंपरिक शस्त्रों के साथ सड़क पर उतरे भगवाधारी, जय श्री राम के नारे से गूंजा शहर

WhatsApp Channel Join Now
पारंपरिक शस्त्रों के साथ सड़क पर उतरे भगवाधारी, जय श्री राम के नारे से गूंजा शहर


पारंपरिक शस्त्रों के साथ सड़क पर उतरे भगवाधारी, जय श्री राम के नारे से गूंजा शहर


रामगढ़, 27 मार्च (हि.स.)।रामगढ़ जिले में रामनवमी का त्यौहार धूम-धाम से मनाया गया। रामगढ़ शहर में महाअष्टमी की रात से ही स्थाई झांकी और चलंत झांकी की शुरुआत हो गई थी। कई स्थानों पर हुए अलग-अलग धार्मिक अनुष्ठानों ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। इसके अलावा झांकी देखने के लिए भी सैकड़ो लोगों की भीड़ सड़क पर उतरी। पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र के साथ भगवाधारी सड़क पर उतरे इस दौरान जय श्री राम के नारे से रामगढ़ जिला गूंज उठा।

पूजा समितियों ने निकली झांकी, दर्जनों स्थानों पर हुआ स्वागत

रामगढ़ शहर में कई पूजा समितियों के द्वारा भव्य जुलूस निकाला गया। दर्जनों स्थानों पर जुलूस का स्वागत भी हुआ। पंचमुखी हनुमान मंदिर लोहार टोला, वीर शिवाजी युवा सेवा संघ, प्राचीन काली मंदिर, श्री श्री शंकर सुमन समिति बाजारटांड़, श्री श्री राम नवमी पूजा समिति युवा सम्राट रामगढ़, रामगढ़ युवा संघ, श्री श्री रामनवमी पूजा समिति, अंबेडकर क्लब, रविदास मोहल्ला, रामगढ़ जागरूक युवा संघ, श्री राम सेना, मारवाड़ी सत्यनारायण मंदिर, शिवनंदन अखाड़ा समिति, किला मंदिर, श्री श्री प्राचीन महावीर मंदिर झंडा चौक, जय श्री महाकाल मंडली, श्री बजरंग क्लब, बजरंग चौक, श्री संकट मोचन मंदिर, थाना चौक, श्री राम मंदिर, नई सराय, श्री श्री पवन पुत्र रामनवमी समिति मेन रोड, सुभाष चौक, श्री श्री हनुमान मंदिर, ब्लॉक चौक के द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

माता सती के देह त्याग के दृश्य ने लोगों को किया आकर्षित

पंचमुखी हनुमान मंदिर द्वारा संचालित स्थाई झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। इस स्थान पर माता सती के देह त्याग के दृश्य ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। माता सती के द्वारा की गई तपस्या, भगवान शिव के द्वारा किया गया तांडव और राजा दक्ष के द्वारा किया गया व्यवहार, इस तरीके से मंचित किया गया कि लोगों ने इस दृष्टि को यादगार बना लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story