अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना में बेहतर प्रदर्शन पर सदर अस्पताल सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना में बेहतर प्रदर्शन पर सदर अस्पताल सम्मानित


रांची, 28 नवंबर (हि.स.)।

मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर प्रदर्शन के लिए सदर अस्पताल, रांची को झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय समारोह के दौरान शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदर अस्पताल की ओर से सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद को सम्मान प्रदान किया।

सदर अस्प्ताल ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि यह सम्मान योजना के तहत लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और इसके प्रभावी क्रियान्वयन में सदर अस्पताल की भूमिका के लिए दिया गया। अस्पताल की चिकित्सकीय, नर्सिंग और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सामूहिक प्रयास किया है।

सम्मान मिलने पर सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद ने अस्पताल के सभी चिकित्सकों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, कार्य के प्रति निष्ठा और सेवाभाव का परिणाम है। उन्होंने सभी कर्मियों से भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की अपील की। सदर अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि इस सम्मान से स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साह बढ़ा है। अस्पताल आगे भी आम लोगों को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ बिमलेश सिंह, रांची जिला की स्वास्थ्य टीम और अन्य गणमान्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785057 Articles

Share this story