राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी : चंद्रदेव

WhatsApp Channel Join Now
राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी : चंद्रदेव


रांची, 19 जून (हि.स.)। हमर अधिकार मंच के सचिव और आरटीआई कार्यकर्ता चन्द्रदेव कुमार वर्णवाल चंदू ने राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कार्मिक विभाग पर सूचना उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया है।

उन्होंने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत चयनित अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, चयन प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन विभाग ने सूचना उपलब्ध नहीं कराई। प्रथम अपील की सुनवाई में अधिकारियों ने चयन संबंधी संचिका लोकभवन में होने की बात कही। इस पर वर्णवाल ने सवाल उठाया कि यदि संचिका विभाग के पास नहीं थी तो नियुक्ति की अधिसूचना किस आधार पर जारी की गई।

इधर, इस संबंध में मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला ने कहा कि सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व निर्णयों का हवाला देते हुए चयन प्रक्रिया से जुड़े अभिलेख सार्वजनिक करने की मांग की। मंच ने कहा कि वह मामले को आगे भी कानूनी स्तर पर उठाएगा और नियुक्ति प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास जारी रखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story