देवघर में संघ यात्रा के 100 वर्ष पूरा होने पर प्रबुद्ध जन गोष्ठी 19 को

WhatsApp Channel Join Now
देवघर में संघ यात्रा के 100 वर्ष पूरा होने पर प्रबुद्ध जन गोष्ठी 19 को


देवघर, 18 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, देवघर की ओर से संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित संघ यात्रा के अंतर्गत रविवार को प्रबुद्ध जन गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर आयोजकों की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। यह गोष्ठी रविवार को दाेपहर 03 बजे आरएल सर्राफ उच्च विद्यालय मैदान, देवघर में आयोजित होगी।

कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, संगठन की भूमिका और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत शारीरिक प्रमुख कुणाल कुमार उपस्थित रहेंगे, जो संघ की कार्यप्रणाली और समाज निर्माण में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखेंगे।

वहीं मुख्य अतिथि के रूप में डॉ अशोकानंद झा (व्यवस्थापक, हिंदी विद्यापीठ, देवघर) शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में डॉ मनीष राज (विभागाध्यक्ष, ऑर्थोपेडिक्स, एम्स देवघर) और डॉ पूजा राय (चिकित्सा पदाधिकारी, जसीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) शामिल होंगे।

इसके अलावा लोक वेद पीठ, हरिद्वार के लीलाबारानंद नाथ महाराज का संदेश भी प्राप्त होगा, जो आयोजन को आध्यात्मिक आयाम प्रदान करेगा। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार बैठकें आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई।

हाल ही में आयोजित बैठक में जिला संघ चालक गणेश लाल बरनवाल, नगर कार्यवाह डॉ आनंद वर्धन, राजेश प्रसाद, डॉ राजीव रंजन, विनायक कुमार, धनंजय तिवारी, प्रेम कुमार बरनवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story