आरएसएस कार्यालय बमकांड की निष्पक्ष जांच हो : नायक

WhatsApp Channel Join Now
आरएसएस कार्यालय बमकांड की निष्पक्ष जांच हो : नायक


रांची, 17 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने राज्यसभा चुनाव की पूर्व संध्या पर रांची स्थित आरएसएस कार्यालय में हुई बमबाजी की घटना की निंदा करते हुए इसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

उन्होंने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसआईटी का गठन किया है और सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने सरकार से जांच रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक करने की मांग की, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता और घटना का समय कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े करता है।

नायक ने कहा कि जब पूरा राज्य राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया पर केंद्रित है, ऐसे समय में हुई यह घटना संयोग मात्र मान लेना जल्दबाजी होगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की भावनात्मक, साम्प्रदायिक या राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story