नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रशासन की सख्ती, 1.58 लाख रुपये जुर्माना वसूला
रामगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर एवं जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में नो-एंट्री के आदेश की अवहेलना कर प्रवेश करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान के क्रम में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 1 लाख 58 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
उपायुक्त ऋतुराज के आदेशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का एवं अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की के नेतृत्व और निर्देशन में यह विशेष अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने तथा निर्धारित समय और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने वाले वाहनों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी नो-एंट्री आदेश और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, जाम की समस्या पर नियंत्रण रखने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

