सीए की फाइनल परीक्षा में रांची केंद्र से दोनों ग्रुप में 14 छात्र सफल, प्रखर आर्यन ने किया टाॅप

WhatsApp Channel Join Now
सीए की फाइनल परीक्षा में रांची केंद्र से दोनों ग्रुप में 14 छात्र सफल, प्रखर आर्यन ने किया टाॅप


रांची, 18 जून (हि.स.)। दि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ओर से मई-2026 में आयोजित चार्टर्ड अकाउंटेंसी (फाइनल) परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया।

देश और विदेश के कुल 544 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रथम ग्रुप में 12 प्रतिशत, द्वितीय ग्रुप में 20.49 प्रतिशत और दोनों ग्रुप में सम्मिलित परीक्षार्थियों में से 14.07 प्रतिशत छात्र सफल घोषित हुए हैं।

अखिल भारतीय स्तर पर पटियाला के नूर सिंगला ने 600 अंकों में से 499 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं हावड़ा के ऋतिज सर्राफ ने 475 अंक प्राप्त कर द्वितीय और मुंबई के डोम्बिवली (ईस्ट) के सोहन अनिल मांजरेकर ने 473 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया है।

घोषित परिणाम के अनुसार रांची परीक्षा केंद्र के विद्यार्थियों का प्रदर्शन भी बेहद सराहनीय रहा।

द्वितीय ग्रुप में 10 छात्र हुए सफल

रांची केंद्र से दोनों ग्रुप में सम्मिलित कुल 89 परीक्षार्थियों में से 14 छात्र दोनों ग्रुप में और 10 छात्र द्वितीय ग्रुप में सफल हुए हैं। इसके अलावा केवल प्रथम ग्रुप में सम्मिलित 117 छात्रों में से 07 और केवल द्वितीय ग्रुप में सम्मिलित 60 छात्रों में से 13 छात्रों ने सफलता प्राप्त की है।

रांची परीक्षा केंद्र में प्रखर आर्यन ने 389 अंक प्राप्त कर टाॅप किया है, जबकि आस्था मिमानी ने 372 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान, कृष जायसवाल ने 370 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान, विशेष गखर ने 342 अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान और विशेष जैन ने 330 अंक प्राप्त कर पंचम स्थान प्राप्त किया है।

इस अवसर पर आईसीएआई रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनीश जैन और रांची शाखा के सीए स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी है। उन्होंने संयुक्तय रूप से कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की परीक्षा देश की सबसे चुनौतीपूर्ण व्यावसायिक परीक्षाओं में से एक है। इस सफलता के पीछे विद्यार्थियों का कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास निहित है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के आर्थिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का आधार भी बनेगी। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके व्यावसायिक जीवन के लिए बधाई दी है।

वहीं आईसीएआई के अध्यक्ष सीए प्रसन्ना कुमार डी ने सभी नव-उत्तीर्ण चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को बधाई देते हुए कहा कि सफलता का राज़ आपके अंदर ही छिपा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की कड़ी मेहनत, सफल होने के पक्के इरादे, मुश्किलों का सामना करने की हिम्मत और हमेशा प्रेरित रहने की क्षमता से वे सफल हुए हैं। लगातार सीखते रहने का छात्रों का जज़्बा जीवन में और भी बड़ी उपलब्धियों का रास्ता खोलेगा। जब आप प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे में कदम रख रहे हैं, तो मैं आपसे गुज़ारिश करता हूं कि आप ईमानदारी, नैतिकता और समाज सेवा जैसे इसके मुख्य मूल्यों को बनाए रखें और भारत की तरक्की और विकास में सार्थक योगदान दें। आपका ज्ञान, प्रोफेशनलिज़्म और समर्पण हमारे देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाए और एक मज़बूत व समृद्ध भारत बनाने में मदद करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story