कांके डकैती कांड का खुलासा, महिला समेत छह गिरफ्तार, 4.24 लाख नकद बरामद

WhatsApp Channel Join Now
कांके डकैती कांड का खुलासा, महिला समेत छह गिरफ्तार, 4.24 लाख नकद बरामद


रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कांके थाना क्षेत्र के गागी स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में हुई डकैती कांड का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कृषि विभाग के अधिकारी रामशंकर प्रसाद सिंह के घर हुई डकैती के केस में अब तक एक महिला सहित छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान पुलिस को इस वारदात में कुल 14 अपराधियों के शामिल होने की जानकारी मिली है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 4.24 लाख रुपये नकद, दो वाहन और आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। हालांकि, घर से लूटे गए कीमती जेवरात अब तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और जेवरात की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे हथियारों से लैस अपराधियों ने रिंग रोड के पास गागी के आदर्श नगर कॉलोनी में रामशंकर प्रसाद सिंह के मकान में धावा बोला था। अपराधी घर से नकदी और कीमती जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल बनाया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच में पुलिस को पता चला कि यह डकैती अचानक नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था। गिरोह के सदस्य अगस्त 2026 से ही मकान और उसके आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।

रेकी के बाद अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए वाहन और हथियारों की व्यवस्था की। इसके बाद पूरी योजना के तहत घर में घुसकर लूटपाट की गई। पुलिस ने मामले में बीर बहादुर सिंह, सुधीर कुमार, कम्मो देवी, चंद्रशेखर पांडेय, सुमित कुमार सिंह और रजनीश सिंह को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी बरियातू थाना क्षेत्र, दलादली ओपी और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से की गई। पुलिस की जांच में अब तक 14 अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है। ऐसे में गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। फरार आरोपितों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 4 लाख 24 हजार रुपये नकद और आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा, एक ग्रे रंग की इनोवा कार और एक काले रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद अपराधी इनोवा कार से भागे थे। बाद में पिठोरिया थाना क्षेत्र में वाहन छोड़कर अलग-अलग रास्तों से निकल गए। जांच के दौरान इनोवा को कोकदोरो चौक के पास लावारिस हालत में बरामद किया गया। मामले में स्कॉर्पियो की भूमिका और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में बीर बहादुर सिंह और रजनीश सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। छह आरोपितों की गिरफ्तारी और नकदी व वाहनों की बरामदगी के बाद भी इस मामले की जांच पूरी नहीं हुई है। घर से लूटे गए कीमती जेवरात की बरामदगी अभी बाकी है।

पुलिस को आशंका है कि गिरोह के अन्य सदस्यों के पास लूट का सामान हो सकता है या उसे कहीं छिपाया गया होगा। इसलिए फरार आरोपितों तक पहुंचने के साथ-साथ लूटे गए जेवरात का पता लगाने पर टीम काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story