खरीददार बनकर जेवर दुकान में घुसे लुटेरे, लूटपाट के दौरान दो धराए

WhatsApp Channel Join Now
खरीददार बनकर जेवर दुकान में घुसे लुटेरे, लूटपाट के दौरान दो धराए


खरीददार बनकर जेवर दुकान में घुसे लुटेरे, लूटपाट के दौरान दो धराए


रामगढ़, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े खरीददार बनकर कुछ लुटेरे एक जेवर दुकान में घुस गए। पहले उन लोगों ने देखने के बहाने जेवर काउंटर पर निकलवाया। इसके बाद दुकानदार के सिर पर बंदूक तान दी। लाखों रुपए मूल्य के जेवर लेकर अपराधी जब भागने लगे तो भीड़ ने दो लुटेरों को दबोच लिया। तीन-चार अपराधी लूट की संपत्ति लेकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए लुटेरों को लोगों ने जमकर पीटा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और घायल लुटेरों को भीड़ से छुड़ाया। घायल हुए अपराधियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर पहुंचे रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणावत ने बताया कि 05-06 की संख्या में अपराधी लूटने की मंशा से जेवर दुकान में घुसे थे। दो लोगों को पकड़ा गया है। जल्द ही अन्य अपराधियों की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

छतरपुर बाजार में अपराधी सबसे पहले उत्तम ज्वेलर्स दुकान में घुसे। जब उन लोगों ने जेवर दिखाने की बात कही तो दुकानदार को थोड़ा शक हुआ। उसने बेहतर क्वालिटी का जेवर नहीं होने का बहाना बना दिया। इसके बाद लुटेरे शिवनारायण ज्वेलर्स में घुसे। वहां भी दुकानदार ने ज्यादा मात्रा में जेवर नहीं होने की बात कही। इसके बाद जब वे लोग शिव शंकर ज्वेलर्स में गए तो दुकानदार ने जेवर दिखाने शुरू किया एक से बढ़कर एक जेवर देखकर लुटेरों ने अपनी योजना को अंजाम देने की कोशिश की उन लोगों ने हथियार निकाला और दुकानदार को धमकाना शुरू कर दिया। जल्दबाजी में जितना जेवर हो सका लुटेरों ने बैग में डाला और भाग खड़े हुए।

लूट की घटना को अंजाम देकर बाइक से भाग रहे लुटेरे को पकड़ने के लिए स्थानीय लोगों ने दौड़ाना शुरू किया। इस दौरान दो लुटेरे भीड़ के हत्थे चढ़ गए। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल लुटेरों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story