आरओबी निर्माण स्थल के पास से वैकल्पिक मार्ग की मरम्मति का संवेदक को निर्देश
रांची, 13 जुलाई (हि.स.)। केतारी बागान स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य के दौरान बारिश से उत्पन्न कीचड़, जलजमाव और वैकल्पिक मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर सोमवार को रेलवे के अधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लेने के बाद संवेदक को दो दिनों के भीतर वैकल्पिक मार्ग की मरम्मत पूरी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान पार्षद पवन तिर्की ने कहा कि आरओबी निर्माण के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार हो रही बारिश से सड़क पर कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। उन्होंने अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई कर आम नागरिकों को राहत देने की मांग की। पवन तिर्की ने बताया कि उन्होंने दो दिन पूर्व रांची नगर निगम की बोर्ड बैठक में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद संबंधित विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थल निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने इसे सकारात्मक पहल बताते हुए पार्षद और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निर्धारित समयसीमा में मरम्मत कार्य पूरा कर मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान निरीक्षण में सहायक अभियंता कोमल तिग्गा, कनिष्ठ अभियंता राहुल कुमार, संवेदक के साइट इंजीनियर रफीक, सुंदर शर्मा, गोपाल प्रसाद, माखन पाठक, शुभम गिरी, शिवम वर्मा, वार्ड पार्षद पवन तिर्की सहित कई स्थानीय निवासी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

