घाटी में सड़क किनारे निर्मित दीवार को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
घाटी में सड़क किनारे निर्मित दीवार को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज


घाटी में सड़क किनारे निर्मित दीवार को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज


रामगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़-रांची मुख्य मार्ग पर चुट्टूपालु घाटी में मौत तांडव कर रही है। इसकी मुख्य वजह एनएचएआई के अधिकारियों की लापरवाही है। एनएचएआई के अधिकारियों ने घाटी की सड़क के किनारे दीवार का निर्माण बिना स्थान छोड़े कर दिया। उस त्रुटिपूर्ण दीवार की वजह से न तो बाइक सवार और न ही कार सवार आपातकालीन स्थिति में अपनी गाड़ी को किनारे ले जा पा रहे हैं। जब भी हाई स्पीड से आने वाले ट्रक से लोगों को खतरा महसूस होता है तो वे समय रहते भाग भी नहीं पाते। भारी भरकम वाहन उन्हें रौंद कर निकल जाते हैं। ऐसे कई मामले जब उजागर हुए तो आम नागरिक अब सीधे एनएचएआई पर प्राथमिकी दर्ज करा रहे हैं।

04 सितंबर को चुट्टूपालू घाटी में जागेश्वर बिहार रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर किरता उरांव का निधन सड़क दुर्घटना में हो गया था। इस मामले में उनकी पत्नी जयवंती तिर्की ने रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, तो एनएचएआई के अधिकारियों को भी अभियुक्त बनाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि घाटी में सड़क किनारे एनएचएआई की ओर से बनाई गई दीवार का निर्माण त्रुटिपूर्ण और सड़क की स्थिति के अनुरूप पर्याप्त स्थान छोड़े बिना किया गया है। अगर उनके पति की बाइक जेएच 01 डीई 6962 को समय पर पर्याप्त स्थान और साइड मिलता तो उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने इस मामले में ट्रक एमएच 13 ईपी 6041 के चालक और एनएचएआई के लापरवाह अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

06 सितंबर को अपने परिजनों से मिलने रामगढ़ आ रहे रांची निवासी फिरोज अंसारी को भी घाटी में अपनी कार किनारे करने का मौका नहीं मिला। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी सारा तबस्सुम और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रामगढ़ आ रहे थे। घाटी में जब उन्होंने देखा कि उनके पीछे का ट्रक एनएल-01 एबी 8418 काफी तेजी से उनके पीछे आ रहा है, तो उन्होंने अपनी कार जेएच 01 बीएच 2149 को भी किनारे करने का प्रयास किया। लेकिन पर्याप्त स्थान छोड़े बिना बनाए गए दीवार के कारण वह अपनी गाड़ी को समय रहते पर्याप्त रूप से साइड करने में सफल नहीं रहे। जिसकी वजह से ट्रक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी। जिसमें उनकी पत्नी सारा तबस्सुम की जान चली गई। उन्होंने वाहन संख्या एनएल 01 एबी 8418 के चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया। साथ ही एनएचएआई की लापरवाही के कारण घटना घटित होने की बात कही है। उन्होंने एनएचएआई के मैनेजर और पदाधिकारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story