सड़क सुरक्षा-सिविक सेंस के लिए रांची में वॉकथॉन, उत्कृष्ट यातायात कर्मी सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
सड़क सुरक्षा-सिविक सेंस के लिए रांची में वॉकथॉन, उत्कृष्ट यातायात कर्मी सम्मानित


रांची, 24 जुलाई (हि.स.)।

सड़क सुरक्षा और नागरिकों में सिविक सेंस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक सड़क सुरक्षा वॉकथॉन का आयोजन किया गया।

इसके साथ ही बेहतर कार्य करते वाले यातायात कर्मी और जवानों को सम्मानित किए गए। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन ने सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनभागीदारी और अनुशासित यातायात व्यवहार आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को प्रोत्साहित करने, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना रहा।

इधर, वॉकथॉन के दौरान सबसे पहले बापू वाटिका से शुरू हुए पैदल मार्च में प्रतिभागियों को यातायात नियमों का पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग, ट्रैफिक संकेतों का सम्मान और सार्वजनिक स्थलों पर जिम्मेदार नागरिक व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। सड़क सुरक्षा विषयक पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही रांची शहर में यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने वाले उत्कृष्ट यातायात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को प्रशस्ति पत्र और हेलमेट देकर सम्मानित किया गया। कांटाटोली, लालपुर, फिरायालाल, मुंडा चौक, रेडियम चौक, जाकिर हुसैन पार्क और अन्य प्रमुख यातायात स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में आम लोग शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story