चतरा में 12 वाहनों से 68,650 रुपये वसूला गया जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
चतरा में 12 वाहनों से 68,650 रुपये वसूला गया जुर्माना


चतरा, 22 अक्टूबर (हि.स.)। सिमरिया-टंडवा सड़क और शिवपुर साइडिंग पर गुरुवार को परिवहन विभाग की ओर से वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 12 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 68,650 रुपये जुर्माना वसूला गया।

जांच अभियान में ओवरलोडिंग, नो पार्किंग और वाहनों में अनधिकृत बदलाव के मामलों की पड़ताल की गई। इस दौरान अधिकारियों ने वाहनों के कागजात और नियमों के अनुपालन की जांच की। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।

डीटीओ दिलीप कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के साथ सड़कों और पुल-पुलियों को भी नुकसान पहुंचता है। वहीं नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अभियान में मोटर वाहन निरीक्षक नीरज कुमार, रोड सेफ्टी कर्मी संतोष कुमार सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story