स्मार्ट सिटी परिसर में युवक का शव मिलने के बाद प्रदर्शन,फाइनेंस कंपनी पर प्रताड़ना का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
स्मार्ट सिटी परिसर में युवक का शव मिलने के बाद प्रदर्शन,फाइनेंस कंपनी पर प्रताड़ना का आरोप


रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में सूरज नायक नाम के युवक का शव मिलने के बाद मंगलवार को स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने सेक्टर-3 रोड पर एकत्र होकर सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूरज नायक ने एक निजी वित्तीय कंपनी से ऋण लिया था, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण वह समय पर ईएमआई का भुगतान नहीं कर पा रहा था। उनका दावा है कि कंपनी के कुछ कर्मचारी और अधिकारी भुगतान को लेकर उस पर लगातार दबाव बना रहे थे तथा कई बार उसके घर जाकर अभद्र व्यवहार और धमकी भी दी थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इन परिस्थितियों के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित वित्तीय कंपनी की ओर से भी इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद लगभग आधे घंटे के भीतर सड़क जाम समाप्त करा दिया गया और यातायात सामान्य हो गया।

उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात स्मार्ट सिटी परिसर में धुर्वा सेक्टर-3 थेथरकोचा निवासी सूरज नायक का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। घटनास्थल के पास से एक ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं, जिनमें आत्महत्या और अन्य कोण भी शामिल हैं, की जांच कर रही है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story