दुमका में अलग -अलग सड़क हादसों में दो की मौत

WhatsApp Channel Join Now
दुमका में अलग -अलग सड़क हादसों में दो की मौत


दुमका, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के जामा थाना क्षेत्र के दुमका-जामताड़ा मुख्य सड़क पर जामा थाना क्षेत्र के निश्चितपुर के पास गुरुवार तड़के सुबह सड़क हादसे में बाबूजन हेंब्रम (४५) की मौत हो गई। हेमतपुर गांव निवासी बाबूजुन अपनी पत्नी और बेटी के साथ गोलबंधा मेला देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने रास्ता पूछने के लिए वाहन रोका। बाबूजन उसे रास्ता बताने के लिए आगे गए, तभी विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के समय बाबूजुन की पत्नी और बेटी भी मौके पर मौजूद थीं। कुछ देर पहले तक मेले की खुशियों के बीच घर लौट रहा परिवार अचानक चीख-पुकार और मातम में डूब गया। पत्नी और बेटी के सामने ही बाबूजन की जान चली गई। इस दर्दनाक घटना से दोनों गहरे सदमे में हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाबूजन हेंब्रम हेमतपुर गांव के निवासी थे और दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है। हादसे की सूचना मिलने पर जामा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। इस हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया और मेले से लौटने की खुशी को मातम में बदल दिया।

वहीं एक अन्य घटना में जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग (एनएच-114ए) पर कालीपाथर गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा में बाईक सवार चालक की मौत हो गई। हादसा गुरुवार को सुबह में घटी।

मृतक की पहचान शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के काजल दास (30) के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार बाइक सवार शिकारीपाड़ा से रामपुरहाट की ओर जा रहा था। जहां गिट्टी लदा खड़ी हाइवा से टकरा गया। जिससे मौके पर ही बाईक सवार की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंच दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त करते हुए शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769099 Articles

Share this story