पेटरवार-तेनुघाट मुख्य पथ पर दो बाइकों की टक्कर में शिक्षक की मौत, एक अन्य गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
पेटरवार-तेनुघाट मुख्य पथ पर दो बाइकों की टक्कर में शिक्षक की मौत, एक अन्य गंभीर


बोकारो, 20 अक्टूबर (हि.स.)। बोकारो जिले के पेटरवार-तेनुघाट मुख्य पथ पर पेटरवार थाना क्षेत्र के टेना झील के समीप दो बाइकों के बीच टक्कर में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक छा गया।

पुलिस के अनुसार, पेटरवार थाना क्षेत्र के झिरके गांव निवासी शिक्षक गणेश महतो (45) छत्रु राम महतो चौक पर अपनी पत्नी और बेटे को रांची जाने के लिए वाहन में बैठाने के बाद तेनु रोड स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान घर की ओर मुड़ने के लिए जैसे ही उन्होंने बाइक मोड़ी, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर ओरदाना पंचायत के बंगा गांव निवासी अशोक कुमार और उसी गांव के घनश्याम करमाली सवार थे। अशोक कुमार तेनु रोड स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर पेटरवार की ओर जा रहे थे।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुंदन राज ने गंभीर रूप से घायल गणेश महतो और अशोक कुमार को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया, जबकि घनश्याम करमाली को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

हादसे में गणेश महतो और अशोक कुमार के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। गणेश महतो को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। शिक्षक की असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763928 Articles

Share this story