सड़क हादसे ने खोला गो तस्करी के गोरखधंधे का राज
रामगढ़, 04 सितंबर (हि.स.)। गो तस्करी का अवैध कारोबार पुलिस प्रशासन के नाक के नीचे हो रहा था और इसका अंदाजा किसी को भी नहीं था। पहले सवारी वाहनों से गो तस्करी होती थी। लेकिन अब एक्सयूवी जैसी लक्जरी कार से गायों की तस्करी हो रही है। इसका खुलासा रामगढ़ में हुए एक सड़क हादसे से हुआ है। गोला थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित एक्सयूवी कार सड़क के नीचे उतर गई। तेज रफ्तार की वजह से हुई इस दुर्घटना के बाद जब ग्रामीण लोगों को बचाने निकले, तो वहां के नजारे को देखकर आवाक रह गए। उस एक्सयूवी में तीन गायें बेरहमी से बंधी थी। उस महिंद्रा एक्सयूवी (जेएच 05 एयू 5222) से गायों की तस्करी की जा रही थी।
गोला थाना क्षेत्र के हेसापोड़ा पंचायत अंतर्गत टुंगरीडीह में शुक्रवार को हादसा हुआ। गौवंशों को लेकर तेज रफ्तार से जा रही एक महिंद्रा एक्सयूवी (जेएच 05एयू 5222) अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा घुसी। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार तीन लोग मौके से फरार हो गए। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें तीन गायें मिलीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त एक्सयूवी के अंदर तीन गायें मिलीं। ग्रामीणों का आरोप है कि गायों के पैर बांधकर उन्हें वाहन में रखा गया था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त एक्सयूवी को जब्त कर लिया। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार तस्करों की तलाश कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ता रंजीत प्रजापति भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों गायों को वाहन से बाहर निकाला। उन्हें चारा-पानी उपलब्ध कराया और पशु चिकित्सक को बुलाकर घायल गायों का उपचार कराया गया।
बजरंग दल गोला प्रखंड गौरक्षा प्रमुख आशीष शर्मा ने घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गौ तस्करी का कारोबार लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं की ओर से पूर्व में भी कथित तस्करी के वाहनों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है।
आशीष शर्मा ने कहा कि पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करते हुए घटना में शामिल सभी तस्करों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना को लेकर हिन्दू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि राज्य में गौ-हत्या एवं गौ तस्करी पर कानूनी प्रतिबंध के बावजूद इस प्रकार की घटनाएं सामने आना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जिले में कथित रूप से गौ तस्करी का कारोबार सक्रिय है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
घटना के संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन में गायों को कहां से लाया और कहां ले जाया जा रहा था। फरार तीनों लोगों की इस मामले में क्या भूमिका थी। पुलिस ने वाहन जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

