सड़क हादसे में यूपी के कांवरिये की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में यूपी के कांवरिये की मौत


सड़क हादसे में यूपी के कांवरिये की मौत


दुमका, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के देवघर-जरमुंडी हाइवे पर सहारा गांव के पास सड़क दुर्घटना में उत्तरप्रदेश के देवरिया जिला के एक 50 वर्षीय अधेड़ कांवरिया की मौत हो गई। यह घटना सोमवार की देर रात में हुई।

घटना के बाद परिजन जीवित होने की आस में कांवरिया को उठाकर दुमका के पीजेएमसीएच लेकर चले आए, पर डॉक्टरों ने कांवरिया को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि वे लोग उत्तरप्रदेश के देवरिया जिला के लार थाना अन्तर्गत चुरिया गांव के निवासी हैं।

करीब 15 लोग 01 अगस्त को देवरिया जिला से जल चढ़ाने के लिए निकले थे। सभी लोग पिकअप वैन से आए थे। सुल्तानगंज में जल लेकर बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचे और वहां से पूजा-अर्चना करने के बासुकीनाथ धाम आए। बासुकीनाथ धाम में भी सभी लोगों ने पूजा-अर्चना कर चुके थे।

बासुकीनाथ धाम से सीधे राजगीर जाने की तैयारी थी। सभी लोग पिकअप वैन को सहारा गांव के पास खड़ी कर लाइन होटल में खाने के लिए चले गए। कांवरिया विजय प्रताप सिंह को बाथरुम जाने की इच्छा हुई और वह हाइवे क्रास कर दूसरी साइड जा रहे थे कि एक तेज गति से पिकअप वैन ने उन्हें धक्का मार दिया। घटना में विजय प्रताप सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

सभी लोग घायल को आनन-फानन में उठाकर जरमुंडी के सामुदायिक स्वास्थ्य लेकर पहुंचे,पर चिकित्सकों ने दुमका पीजेएमसीएच रेफर कर दिया। दुमका पीजेएमसीएच पहुंचने के साथ ही घायल विजय प्रताप सिंह को डॉक्टरों की टीम ने मृत घोषित कर दिया। कांवरियों के जत्थे के साथ मृतक की पत्नी भी साथ चल रही थी। कांवरियों ने मृतक की पत्नी एवं अन्य कावंरियों को वापस घर भेज दिया। दो से तीन कांवरिया दुमका में रूक गए। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अन्य लोग एम्बुलेंस से वापस लौटेंगे।

परिजनों ने बताया कि मृतक पेशे से संवेदक थे और उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story