झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े में गांवों में हुए कई आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े में गांवों में हुए कई आयोजन


रांची, 22 नवंबर (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के तहत रांची जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, नशामुक्ति, महिला सशक्तीकरण और कृषि विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिला प्रशासन की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पंचायती राज विभाग, उद्यान विभाग और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं आजीविका संवर्धन की गतिविधियां संचालित की गईं।

पंचायती राज विभाग के निर्देश पर जिले की 305 ग्राम पंचायतों में चिकित्सा जांच शिविर लगाए गए। इनमें ग्रामीणों का रक्तचाप, मधुमेह और हीमोग्लोबिन परीक्षण कर स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान दिया गया। वहीं सभी 18 प्रखंडों में पहान, मुंडा, परगनैत, मांझी और महतो सहित पारंपरिक पदधारकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक अगुवाओं को बीडीओ और सीओ ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सम्मानित किया।

जिला प्रशासन के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने, सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने और परिवारों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर बढ़ाना है।

इटकी प्रखंड में उद्यान विभाग की ओर से किसानों को मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद लाभार्थियों को 20 मधुमक्खी बॉक्स, मधुमक्खियों सहित हाइव, हनी एक्सट्रैक्टर और अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

जेएसएलपीएस के तहत नगड़ी प्रखंड के नारो क्लस्टर लेवल फेडरेशन ने स्वयं सहायता समूहों की शेयरधारक महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए। जिले के विभिन्न प्रखंडों में 1,216 बकरियों का टीकाकरण और डीवर्मिंग अभियान चलाया गया। वहीं जेंडर समानता, पोषण, स्वास्थ्य और नशामुक्ति को लेकर रैलियां, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें संतुलित आहार, स्वच्छता और पोषण वाटिका की जानकारी दी गई।

वित्तीय व्यवस्था मजबूत करने के लिए 95 स्वयं सहायता समूह कट-ऑफ और 42 ग्राम संगठन ट्रांजैक्शन शिविर लगाए गए। आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान में 1,425 लाभार्थियों का सत्यापन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781587 Articles

Share this story