अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने श्रीनगर पहुंची रांची की 21 सदस्यीय टीम

WhatsApp Channel Join Now
अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने श्रीनगर पहुंची रांची की 21 सदस्यीय टीम


रांची, 31 मई (हि.स.)। ताइक्वांडो संघ रांची जिला की 21 सदस्यीय टीम प्रथम प्रोफेशनल ताइक्वांडो फेडरेशन इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में भाग लेने के लिए रविवार को श्रीनगर पहुंच गई। देश-विदेश के खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रांची के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

रांची जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव मिथलेश कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 29 मई से दो जून तक श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भारत सहित विभिन्न देशों के लगभग 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिससे इसका स्तर प्रतिस्पर्धात्मक हो गया है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेना खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इससे उन्हें विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने का अनुभव मिलेगा, जो उनके खेल कौशल और आत्मविश्वास को नई दिशा देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि रांची की टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड और देश का नाम रोशन करेगी।

मिथलेश कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों के तकनीकी विकास, मानसिक मजबूती और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रांची की टीम पूरी तैयारी और जीत के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षक चंदन कुमार, करमचंद भगत और अनंत नाग चंदन तकनीकी मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण दे रहे हैं। वहीं टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी भारती कुमारी, देवाशीष भगत और कुमारी रोमा संभाल रहे हैं।

संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि टीम अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य को गौरवान्वित करेगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों और परिजनों की भी नजर बनी हुई है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story