उपायुक्त ने जल स्वच्छता समिति की बैठक में योजनाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
उपायुक्त ने जल स्वच्छता समिति की बैठक में योजनाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर


रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में जल जीवन मिशन (जीजेएम) और स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने चालू वित्तीय वर्ष में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण के लक्ष्य और प्रखंडवार प्रगति की जानकारी ली। पात्र लाभुकों के चयन में तेजी लाने और ऑनलाइन माध्यम का प्रभावी उपयोग करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने जल जीवन मिशन के तहत पूर्वी और पश्चिमी प्रमंडलों में संचालित मल्टी विलेज स्कीम और सिंगल विलेज स्कीम की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सहायक और कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया कि योजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने नियमित स्थल निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने एवं योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों को अद्यतन रखने तथा योजनाओं का भौतिक सत्यापन भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी बादल राज सहित संबंधित पदाधिकारी।अभियंता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story