हरमू रोड पर नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, 12 प्रतिष्ठानों को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
हरमू रोड पर नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, 12 प्रतिष्ठानों को नोटिस


रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से मंगलवार को हरमू रोड क्षेत्र में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सेटबैक एरिया और गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर 12 संस्थानों, दुकानों और भवनों को नोटिस जारी किया गया। हरमू रोड स्थित पेंटागोन भवन की गिफ्ट डीड भूमि पर संचालित एक टी-स्टॉल को भी हटाने के लिए नोटिस चस्पा किया गया। नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने लगभग 20 दुकानों के सामने सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान नालियों पर बनी टाइल्स, सीढ़ियां और अन्य अवैध संरचनाएं हटाकर आवागमन सुगम बनाया गया। नाली के ऊपर अवैध निर्माण करने पर एक दुकान पर 5,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अभियान के दौरान ट्रेड लाइसेंस की जांच में हरमू रोड स्थित अन्ना फास्टफूड और पायल कलेक्शन बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाए गए, जिसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद करा दिया गया। वहीं, डमरो फर्नीचर भवन के बेसमेंट में पार्किंग स्थल का उपयोग गोदाम के रूप में किए जाने पर भवन प्रबंधन को नोटिस जारी कर गोदाम हटाने का निर्देश दिया गया।

नगर निगम ने कहा कि सार्वजनिक भूमि, सड़क, नाली, सेटबैक और गिफ्ट डीड की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान में निगम के कई पदाधिकारी कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story