छठ महापर्व को लेकर नगर निगम अलर्ट, घाटों की सफाई और सुरक्षा का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व को लेकर नगर निगम अलर्ट, घाटों की सफाई और सुरक्षा का निर्देश


रांची, 21 अक्टूबर (हि.स.)। महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने शहर के तालाबों और छठ घाटों की सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। नगर आयुक्त ने पर्व को लेकर बुधवार को संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी घाटों को व्यवस्थित करने संबंधित कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए है। उन्होंने जारी निर्देश में कहा है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नगर निगम के निर्देशानुसार सभी तालाबों और छठ घाटों की समुचित सफाई के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी नियमित सफाई कराई जाएगी। जिन घाटों और तालाबों में पानी अधिक है, वहां लाल फीते से खतरे की सीमा चिह्नित की जाएगी। श्रद्धालुओं को सतर्क करने के लिए चेतावनी संबंधी सूचना-पट्ट भी लगाए जाएंगे।

इसके अलावा तालाबों और घाटों के आसपास खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि सुबह और शाम के समय श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। संबंधित अधिकारियों को सफाई और सुरक्षा कार्यों की नियमित निगरानी करने और सभी तैयारियां समय पर पूरी कराने को कहा गया है।

उन्होंने कहा है कि नगर निगम का लक्ष्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित आवागमन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निगम ने सभी पदाधिकारियों से जिम्मेवारी से काम करने को कहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764645 Articles

Share this story