वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक


रांची, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की बात पर परिवहन विभाग की ओर से शनिवार को रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग के सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी सहित विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600 से 700 चालकों को सुरक्षित यातायात के महत्व की जानकारी दी गई। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। इस दौरान निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए छोटानागपुरी कला केंद्र के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लापरवाही से वाहन चलाने और हेलमेट नहीं पहनने के दुष्परिणामों को दर्शाया।

अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने और वाहनों की अवैध पार्किंग से बचने की अपील की गई।

मौके पर परिवहन सचिव राजीव रंजन ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों में जिम्मेदार व्यवहार विकसित करना जरूरी है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित परिवहन विभाग के अधिकारी, सड़क सुरक्षा कर्मी और ट्रैफिक पुलिस के जवान मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766257 Articles

Share this story