विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची नगर निगम ने चलाया पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची नगर निगम ने चलाया पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची नगर निगम ने चलाया पौधारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


रांची, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रांची नगर निगम की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रांची के निर्माण के उद्देश्य से कचहरी स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर रौशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, निगम के पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर महापौर रौशनी खलखो ने सभी शहरवासियों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने रांची को 'क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया। उप महापौर नीरज कुमार ने लोगों से अधिकाधिक पौधारोपण करने एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण की अपील की। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक घर में वर्षा जल संचयन को अपनाने की आवश्यकता बताई।

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने पौधारोपण की आवश्यकता एवं स्वच्छ पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ, सुंदर एवं हरित रांची का निर्माण वर्तमान एवं आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त हरित क्षेत्र से लोगों को शुद्ध वायु, स्वच्छ जल एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध होगा। कार्यक्रम के दौरान बांसुरी वादन एवं नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता का संदेश दिया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जगन्नाथपुर तालाब एवं नर्सरी तालाब के आसपास भी पौधारोपण किया गया। इसके अतिरिक्त सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, जगन्नाथपुर सहित विभिन्न वार्डों में वार्ड पार्षदों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में 50-50 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू, सहायक नगर आयुक्त सहित निगम के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story