नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स के रूप में वसूले 32 करोड रूपये
रांची, 12 जून (हि.स.)। रांची नगर निगम की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 में होल्डिंग टैक्स संग्रहण अभियान के तहत अबतक 32 करोड़ रुपये की राशि एकत्र की जा चुकी है। कर संग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने और प्रथम तिमाही के लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को उप नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू की अध्यक्षता में राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप नगर आयुक्त ने बताया कि निगम ने 30 जून 2026 तक 50 करोड़ रुपये होल्डिंग टैक्स संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को विशेष अभियान चलाकर करदाताओं से संपर्क बढ़ाने, जागरूकता अभियान चलाने और संग्रहण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि करदाताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम की ओर से 30 जून 2026 तक होल्डिंग टैक्स के एकमुश्त भुगतान पर अधिकतम 10 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। यह छूट वित्तीय वर्ष 2026-27 के देय होल्डिंग टैक्स पर लागू होगी। उप नगर आयुक्त ने शहरवासियों और करदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर कर भुगतान करने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें छूट का लाभ मिलेगा और शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने में सहयोग मिलेगा।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, कर संग्रहकर्ता और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

